कांग्रेस (Congress) के एक वरिष्ठ राजनेता, 71 वर्षीय अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) , राजस्थान (Rajasthan) के वर्तमान मुख्यमंत्री (Chief Minister) हैं. अशोक गहलोत का राजस्थान के सीएम के रूप में यह तीसरा कार्यकाल है. 1951 में एक प्रसिद्ध जादूगर पिता के घर जन्मे गहलोत 1970 के दशक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए.

अशोक गहलोत के पास विज्ञान और कानून में स्नातक की डिग्री और अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री है. उनका विवाह सुनीता गहलोत से 27 नवंबर 1977 को हुआ था. अशोक गहलोत का एक बेटा (वैभव गहलोत) और एक बेटी (सोनिया गहलोत) है. अशोक गहलोत चौबीसों घंटे काम करने के लिए जाने जाते हैं.

यह भी पढ़ें: कौन हैं राहुल गांधी?

अशोक गहलोत का राजनीतिक सफर 

वह 1980 में पहली बार जोधपुर से लोकसभा के सदस्य और 1982 में इंदिरा गांधी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री बने. अशोक गहलोत लोकसभा के पांच बार सदस्य रह चुके हैं, वह पहली बार 1998 में राजस्थान के मुख्यमंत्री बने. जब भाजपा चुनाव हार गई थी. वह 2008 में एक बार फिर सीएम के रूप में कुर्सी संभाली.

2013 में, 200 सदस्यीय के राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस पार्टी सिर्फ 21 विधायकों तक सिमट गई थी. 2014 में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद गहलोत ने राष्ट्रीय राजनीति में एक बड़ी भूमिका निभाई. गुजरात के प्रभारी महासचिव के रूप में, गहलोत ने सुनिश्चित किया कि 2017 के राज्य विधानसभा चुनावों में कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करे. उम्मीदों के विपरीत, पार्टी ने चुनावों में अपनी सीटों की संख्या में बहुत बड़ा इजाफा किया. 2018 में, कांग्रेस ने राजस्थान राज्य में एक करीबी जीत हासिल की और गहलोत एक बार फिर मुख्यमंत्री बने. वह राजस्थान विधान सभा के सदस्य के रूप में जोधपुर के सरदारपुरा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं.

यह भी पढ़ें: कौन हैं आनंद शर्मा?

गांधीवादी हैं अशोक गहलोत

गहलोत अपने विनम्र व्यवहार और गांधीवादी जीवन शैली के लिए प्रसिद्ध हैं और एक चतुर राजनेता के रूप में जाने जाते हैं. वह माली जाति से ताल्लुक रखते हैं और राज्य में विभिन्न जाति समूहों को एक साथ लाने में सक्षम हैं, जिससे पार्टी में उनका महत्व और बढ़ जाता है.