राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने दिल्ली को महिलाओं के लिए भारत में सबसे असुरक्षित शहर माना है. रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में साल 2021 में हर दिन औसतन दो नाबालिग लड़कियों के साथ रेप हुआ. ये आंकड़ा बताता है कि दिल्ली महिलाओं के लिए कितना असुरक्षित है. 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 2021 में महिलाओं के खिलाफ 13,500 से अधिक अपराध दर्ज किए गए, जिसमें 2020 के आंकड़ों की तुलना में 40 प्रतिशत का इजाफा हुआ है. NCRB के आंकड़ों के अनुसार, देश के महानगरों में महिलाओं के खिलाफ दर्ज होने वाले सभी अपराधों का 32.20 प्रतिशत अपराध दिल्ली में दर्ज होता है.

यह भी पढ़ें: 1 सितंबर से आम लोगों की और भी बढ़ेगी मुसीबत, कौन-कौन से होनेवाले हैं बदलाव

महिलाओं के खिलाफ अपराधों के सबसे ज्यादा मामलों में दिल्ली के बाद मुंबई और बेंगलुरु का स्थान है. इन दोनों शहरों में भी अपराध के मामलों में इजाफा देखा गया है. मुंबई और बैंगलोर में क्रमशः 5,500 और 3,000 से अधिक अपराध दर्ज किए गए, जो भारत के 19 महानगरों में दर्ज किए गए कुल अपराधों का 12.7 प्रतिशत और 7.2 प्रतिशत है.

यह भी पढ़ेंः गौतम अडानी बने दुनिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स, ऐसा करने वाले पहले एशियाई

दो मिलियन से अधिक आबादी वाले अन्य महानगरीय शहरों की तुलना में दिल्ली में अपहरण (3948), पतियों द्वारा क्रूरता (4674) और बच्चियों का बलात्कार (833) से संबंधित अपराधों के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं. आंकड़ों से पता चलता है कि 2021 में दिल्ली में हर दिन औसतन दो लड़कियों के साथ बलात्कार किया गया. रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 2021 में महिलाओं के खिलाफ 13,982 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि सभी 19 महानगरों में कुल आपराधिक मामले 43,414 थे.   

दिल्ली में 2021 में दहेज हत्या के 136 मामले दर्ज किए गए हैं, जो 19 महानगरों में होने वाली कुल मौतों का 36.26 प्रतिशत है. सभी महानगरों में महिलाओं के अपहरण के कुल 8,664 मामलों में से दिल्ली में अकेले 3,948 मामले दर्ज किए गए हैं. 

यह भी पढ़ें: क्या शुभमन गिल और सारा अली खान एक दूसरे को डेट कर रहे हैं? फोटोज वायरल

NCRB के आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान में 2020 और 2021 में बलात्कार के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं. राजस्थान में 2020 और 2021 में क्रमशः बलात्कार के 5,310 और 6,337 मामले दर्ज हुए. राजस्थान के बाद महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, असम और उत्तर प्रदेश जैसे राज्य हैं, जहां पिछले कुछ वर्षों के दौरान सबसे ज्यादा बलात्कार के मामले दर्ज किए गए.