कांग्रेस नेता व चार बार के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhvinder Singh Sukhu) ने हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. मुकेश अग्निहोत्री ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली. शपथ समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहे. 

हिमाचल प्रदेश के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में खुले आसमान के नीचे एक समारोह में 58 वर्षीय सुक्खू को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शामिल हुए.

यह भी पढ़ें: कितने करोड़ के मालिक हैं सुखविंदर सिंह सुक्खू? जानें परिवार में कौन-कौन है

केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, राज्य कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट भी उपस्थित थे.

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में 68 विधानसभा सीटों में से 40 सीटें जीतकर बीजेपी से सत्ता छीनी. हालांकि, करीब 15 सीटों पर जीत का अंतर 2000 मतों से कम था. कांग्रेस को 40 और बीजेपी को 25 सीटें मिलीं लेकिन वोट शेयर में अंतर केवल 0.90 फीसदी का था.

यह भी पढ़ें: कौन हैं प्रतिभा सिंह?

कौन हैं सुखविंदर सिंह सुक्खू?

सुखविंदर सिंह सुक्खू का जन्म 26 मार्च 1964 को हुआ था. सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी का नाम कमलेश ठाकुर हैं. वहीं, उनकी दो बेटियां हैं. सुखविंदर ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीजी और एलएलबी की पढ़ाई की. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत एक छात्र नेता के रूप में उस समय की थी जब वे सरकारी कॉलेज संजौली, शिमला में छात्र थे. वर्तमान समय की बात करें तो सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस कैंपेन कमेटी के प्रमुख हैं. वे हिमाचल में रिकॉर्ड पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं. इस बार उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के विजय अग्निहोत्री को 3,363 वोटों के अंतर से हराया.

यह भी पढ़ें: Elections Results 2022: गुजरात तो ठीक है लेकिन हिमाचल, राजस्थान, यूपी, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ में BJP का बंटाधार

कौन हैं मुकेश अग्निहोत्री?

मुकेश अग्निहोत्री मार्च 2003 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए चुने गए. वह 2007 में संतोखगढ़ विधानसभा सीट से फिर से चुने गए. 2012 में वे हरोली विधानसभा क्षेत्र से जीते. वह 2012 से 2017 तक कैबिनेट में भी शामिल रहे. 2007 में परिसीमन से पहले हरोली विधानसभा सीट को संतोखगढ़ के नाम से जाना जाता था. वह 2017 में हरोली से तेरहवीं विधानसभा (चौथा कार्यकाल) के लिए फिर से चुने गए. उन्हें 4 जनवरी 2018 को कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया. उन्होंने 2022 में फिर से हरोली से जीत हासिल की और वर्तमान में हिमाचल के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यरत हुए हैं.