बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती (Mayawati) ने शनिवार को कहा कि वह राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) का समर्थन करेंगी. इससे पहले NDA से अलग व ओडिशा की सत्तारूढ़ पार्टी बीजद (BJD) भी द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन देने का फैसला कर चुकी है. 

लखनऊ में बसपा प्रमुख मायावती में कहा, “हमारी पार्टी ने आदिवासी समाज को अपने मूवमेंट का खास हिस्सा मानते हुए द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए अपना समर्थन देने का निर्णय लिया है. हमने यह अति महत्वपूर्ण फैसला BJP और NDA के पक्ष या फिर विपक्षी पार्टी के विरोध में नहीं लिया है.”

यह भी पढ़ें: द्रौपदी मुर्मू ने सोनिया गांधी, शरद पवार, ममता बनर्जी से मांगा समर्थन

उन्होंने कहा, “बल्कि अपनी पार्टी के मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए एक आदिवासी समाज की योग्य और कर्मठ महिला को देश की राष्ट्रपति बनाने के लिए यह फैसला लिया है.”

राष्ट्रपति चुनाव पर चर्चा के लिए न बुलाए जाने को लेकर विपक्ष पर हमला बोलते हुए मायावती ने कहा, “ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए एक विपक्षी उम्मीदवार का चयन करने के लिए 15 जून को बुलाई गई बैठक में केवल चयनित पार्टियों को आमंत्रित किया और जब शरद पवार ने 21 जून को एक बैठक बुलाई, तब भी बसपा को भी आमंत्रित नहीं किया गया था. यह उनके जातिवाद के उद्देश्यों को दर्शाता है.”

यह भी पढ़ें: NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद के लिए दाखिल किया नामांकन

द्रौपदी मुर्मू (64) को पहले से ही निर्वाचक मंडल में बहुमत का समर्थन प्राप्त है. NDA के पास अपना राष्ट्रपति बनाने के लिए पर्याप्त वोट हैं. निर्वाचित होने पर मुर्मू भारत की राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी होंगी. विपक्ष ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को अपना संयुक्त उम्मीदवार बनाया है.   

यह भी पढ़ें: द्रौपदी मुर्मू के जरिए BJP कर रही गुजरात समेत इन राज्यों को साधने की तैयारी

राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान होने है. मतगणना 21 जुलाई को होगी. बता दें कि मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है. अगर द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति बनती हैं, तब ओडिशा से देश की राष्ट्रपति बनने वाली वे दूसरी शख्स होंगी. द्रौपदी मुर्मू से पहले ओडिशा से वीवी गिरी देश के राष्ट्रपति रह चुके हैं.