राष्ट्रपति पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार (24 जून) को कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के शरद पवार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित प्रमुख विपक्षी नेताओं को फोन कर अपनी उम्मीदवारी के लिए उनका समर्थन मांगा. 

यह भी पढ़ें: NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद के लिए दाखिल किया नामांकन

समाचार एजेंसी PTI ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से बताया कि 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले द्रौपदी मुर्मू ने सोनिया, गांधी, ममता बनर्जी और शरद पवार को व्यक्तिगत रूप से फोन किया और उनसे बात की. तीनों नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं.

द्रौपदी मुर्मू ने 24 जून को अपना नामांकन दाखिल किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर पीसी मोदी को सौंपा. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्री और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे. 

विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को राष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे.  

यह भी पढ़ें: कौन हैं द्रौपदी मुर्मू

द्रौपदी मुर्मू के नामांकन दाखिल करने के दौरान योगी आदित्यनाथ, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, जयराम ठाकुर, पुष्कर सिंह धामी और कुछ एनडीए समर्थक दलों जैसे वाईएसआरसीपी, बीजद और अन्नाद्रमुक सहित भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी मौजूद थे. 

द्रौपदी मुर्मू (64) को पहले से ही निर्वाचक मंडल में बहुमत का समर्थन प्राप्त है. निर्वाचित होने पर वह भारत की राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी व्यक्ति होंगी. विपक्ष ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को अपना संयुक्त उम्मीदवार बनाया है.   

यह भी पढ़ें: द्रौपदी मुर्मू के जरिए BJP कर रही गुजरात समेत इन राज्यों को साधने की तैयारी

राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान होने है. मतगणना 21 जुलाई को होगी. बता दें कि मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है. अगर द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति बनती हैं, तब ओडिशा से देश की राष्ट्रपति बनने वाली वे दूसरी शख्स होंगी. द्रौपदी मुर्मू से पहले ओडिशा से वीवी गिरी देश के राष्ट्रपति रह चुके हैं.