भारत के राष्ट्रपति के लिए चुनाव (Presidential Election 2022) आज यानी 18 जुलाई 2022 को होना है. आज वोट डाले जाएंगे और 21 जुलाई 2022 को परिणाम घोषित किए जाएंगे. इसके बाद 25 जुलाई 2022 को देश के नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे. एबीपी की रिपोर्ट के अनुसार, संसद भवन के कमरा नंबर-63 में 6 बूथ बनाए गए हैं, जिसमें एक दिव्यांग वोटर के लिए है. अलग-अलग राज्यों के कुल 9 विधायक संसद भवन में वोट करेंगे. उत्तर प्रदेश से 4, त्रिपुरा से 2, असम से 1, ओडिशा से 1, हरियाणा से 1 जबकि 42 सांसद विधानसभाओं में वोट करेंगे.

यह भी पढ़ें: Indian President List: भारत में अब तक कौन-कौन बन चुके हैं राष्ट्रपति

भारत के राष्ट्रपति के चुनाव में एनडीए (NDA) की तरफ से द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) उम्मीदवार हैं. बता दें कि द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समुदाय से आती हैं. मुर्मू अनुसूचित जनजाति से संबंधित दूसरी व्यक्ति हैं जिन्हें भारत के राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है. द्रौपदी मुर्मू ने इससे पहले 2015 से 2021 तक झारखंड के 9वें राज्यपाल के रूप में कार्य किया है. अगर एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव जीतती हैं तो वह राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी महिला होंगी.

यह भी पढ़ें: भारत के नए राष्ट्रपति 25 जुलाई को ही क्यों लेते हैं शपथ? जानिए वजह

वहीं, विपक्ष की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है. बता दें कि सिन्हा ने प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की सरकार में 1990 से 1991 तक और फिर 1998 से 2002 तक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वित्त मंत्री के रूप में कार्य किया है. इसके अलावा यशवंत सिन्हा ने विदेश मंत्री के रूप में भी कार्य किया. साल 2018 में पार्टी छोड़ने से पहले वह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता थे. इसके बाद वह अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे. हालांकि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में चुने जाने से एक दिन पहले उन्होंने टीएमसी छोड़ दी थी.

यह भी पढ़ें: NDA ने द्रौपदी मुर्मू को ही क्यों बनाया उम्मीदवार, ये हैं बड़ी वजह

सांसद और विधायकों के वोट का मूल्य क्या है?

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है. वहीं, अलग-अलग राज्यों में हर विधायक के वोट का मूल्य अलग-अलग होता है. अगर उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां हर विधायक के वोट का मूल्य 208 है. झारखंड और तमिलनाडु में 176 है. इसके बाद महाराष्ट्र की बात करें तो यहां 175 है. वहीं, सिक्किम में हर विधायक के वोट का मूल्य 7 है. नागालैंड में 9 और मिजोरम में 8. बता दें कि 18 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होगा, फिर 21 जुलाई 2022 को नतीजे घोषित किए जाएंगे.