Zeba Hasan

कई फिल्मी सितारों के साथ किक्रेट और राजनीति की दुनिया के कई बड़ी हस्तियों के लिए ड्रेस डिजाइन कर चुके फैशन डिजाइनर मनीष त्रिपाठी इन दिनों नया इतिहास रचने की तैयारी कर रहे हैं। ओदरा फाउंडेशन और उत्तर प्रदेश खादी ग्राम उद्योग प्रस्तुत करने जा रहा है विश्व का सबसे बड़ा मास्क और इस मास्क को बनाने का जिम्म उठाया है मनीष त्रिपाठी ने। उत्तर प्रदेश के 75 जिलों से मिलने वाले खादी के कपड़े के साथ देश के दस प्रदेशों की क्राफ्ट से तैयार यह मास्क गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रेकार्ड में अपना नाम दर्ज कराएगा। 150 मीटर से बड़े इस मास्क का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

हजारों महिलाओं को मिला रोजगार

मनीष कहते हैं कि मार्च में मैंने ‘शहर से गांव तक’ नाम से एक इनिशिएटिव शुरू किया था। इसके तहत मैंने देश के अलग अलग प्रदेशों में जाकर महिलाओं को रोजगार से जोड़ा। हमने फ्री में मास्क बांटने के साथ महिलाओं को इसे बनाने का काम दिया। इसके अलावा बैग वैगरह भी उन्हें बनाना बताएं। हजारों महिलाएं इस काम के साथ जुड़ी हैं। फिर मेरे जेहन में एक ऐसे मास्क को बनाने का आईडिया आया जो कुछ अलग हो और लोगों में जागरूकता भी आए। अपने इस प्रस्ताव को मैंने यूपी के खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. नवनीत सहगल के सामने रखा जिस पर उन्होंने फौरन रजामंदी दे दी। बस हमारा काम चल रहा है। इन दिनों मैं प्रदेशों में जाकर कपड़ा भी एकत्र करता जा रहा हूं।

75 जिलों से आया है दो दो मीटर खादी का कपड़ा

मनीष कहते हैं कि इस मास्क को मुख्यतौर पर खादी के कपड़े से तैयार किया जा रहा है। इस मास्क को बनाने का उद्देश्य है लोगों तक आत्म निर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल का संदेश पहुंचाना है। इसके साथ इस मास्क के जरिए महिला सशक्तिकरण, कोविड जैसी बीमारी से बचने के लिए मास्क का उपयोग और खादी का प्रचार प्रसार करना हमारा मकसद है। इस मास्क के लिए यूपी के हर जिले ने दो दो मीटर खादी का कपड़ा भेजा है। इस कपड़े को पिछले दिनों श्री नवनीत सहगल ने मुझे सौंप दिया है। इस वक्त पचास लोगों की टीम काम कर रही है। इस मास्क को हॉट एअर बैलून के जरिये प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए खासतौर पर ग्लोब के आकार का हॉट एअर बैलून बनवाया जा रहा है। जैसा कि अभी तक तय है कि 2 जनवरी को इस मास्क का उद्घाटर माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्य नाथ जी के हाथों होना है। इस मौके पर कई नामी हस्तियों के मौजदू रहने की मुझे उम्मीद है।

खादी का प्रचार प्रसार हो

खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि मास्क के लिए प्रदेश के सभी 75 जनपदों से दो-दो मीटर खादी का कपड़ा एकत्रित किया गया है। मास्क के बनने के बाद इसे देश के कई राज्यों में प्रदर्शित किया जाएगा। डॉ. सहगल ने बताया कि मास्क का आकार 150 वर्ग मीटर होगा, जिसे जनवरी में लांच किया जाएगा। खादी का इतना बड़ा मास्क बनाने का उद्देश्य मास्क के प्रति लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करना और खादी को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन आ जाने के बाद भी मास्क की जरूरत खत्म नहीं होगी। यह अब हमारे जीवन का अनिवार्य हिस्सा रहेगा।