England vs Sri Lanka; टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर-12 में ग्रुप-1 के आखिरी मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज कर इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है. ग्रुप-1 में न्यूजीलैंड पहले स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहले ही जगह बना चुकी है. इंग्लैंड ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही. मेजबान और मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बराबर ही 7 अंक अर्जित किए, लेकिन नेट रन रेट में पिछड़ने के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गई. 

यह भी पढ़ें: IND vs ZIM मैच में बारिश हुई तो क्या बनेगा सेमीफाइनल का समीकरण? जानें मेलबर्न का मौसम

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 141 रन बनाए थे. इसके जवाब में इंग्लैंड ने 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 144 रन बनाए और 4 विकेट से मैच जीत लिया. इसी के साथ इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंच गई और पिछले टी20 वर्ल्ड कप की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई. 

फिर बेन स्टोक्स ने कठिन परिस्थिति से इंग्लैंड को निकाला

142 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को ओपनर्स ने अच्छी शुरुआत दिलाई. पहले विकेट के लिए कप्तान जॉस बटलर और एलेक्स हेल्स के बीच 7.2 ओवर में 75 रन की साझेदारी हुई. बटलर 23 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हेल्स ने 30 गेंद में 47 रन बनाए. नंबर तीन पर आए बेन स्टोक्स ने 36 गेंद में नाबाद 42 रन बनाए. बाकी के बल्लेबाज सस्ते में आउट होते गए और एक समय मैच फंस गया. हैरी ब्रुक और लियाम लिविंग्स्टन 4-4 रन बनाकर आउट हुए. मोईन अली एक और सैम करन 6 रन बनाकर आउट हुए. क्रिस वोक्स ने नाबाद 5 रन के साथ बेन स्टोक्स के साथ दो गेंद रहते इंग्लैंड को 4 विकेट से जीत दिलाई. 

श्रीलंका के लिए पेसर लाहिरी कुमारा, स्पिनर वनिंदू हसारंगा और धनञ्जय डी सिल्वा ने दो-दो सफलताएं हासिल की. 

यह भी पढ़ें: T20 WC 2022: सेमीफाइनल-फाइनल मुकाबलों के लिए ICC का बड़ा फैसला, फैंस में खुशी की लहर

अच्छी शुरुआत के बाद गड़बड़ाई श्रीलंका की बल्लेबाजी 

श्रीलंका के लिए ओपनर पथुम निसांका ने 45 गेंद में दो चौके और 5 छक्के की मदद से 67 रन बनाए. दूसरे ओपनर कुशल मेंडिस ने 14 गेंद में 18 रन की पारी खेली. इसके अलावा भानुका राजपक्षे ने 22 गेंद में 22 रन की पारी खेली. पहले 10 ओवर में 80 रन बनाने के बावजूद श्रीलंका आखिरी के 10 ओवर में तेज गति से रन बनाने में नाकाम रही और लगभग 6 रन प्रति ओवर की गति से ही रन बनाए और उन्हें 141 के छोटे स्कोर से संतोष करना पड़ा.  

इंग्लैंड के लिए एक्सप्रेस गेंदबाज मार्क वुड ने 27 रन देकर 3 विकेट चटकाए. इसके अलावा आदिल राशिद ने 4 ओवर में महज 16 रन खर्च कर एक सफलता हासिल की. बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स और सैम करन भी एक-एक विकेट चटकाने में सफल रहे. आदिल राशिद को मैन ऑफ द मैच चुना गया. 

यह भी पढ़ें: T20 WC 2022: सेमीफाइनल की दौड़ में अभी भी जिंदा है PAK, जानें क्या बन रहे समीकरण

टी20 वर्ल्ड कप 2022 ग्रुप 1 पॉइंट्स टेबल

                            मैच          जीते             हारे          पॉइंट्स     NR     NRR

न्यूजीलैंड                5             3                1              7             1      +2.113(Q)

इंगलैंड                   5             3                1             7             1       +0.473(Q) 

ऑस्ट्रेलिया              5             3                1              7            1       -0.173(E) 

श्रीलंका                  4              2                3             4             0       -0.422(E)

आयरलैंड               5             1                3              3            1       -1.615(E)

अफ़ग़ानिस्तान        5             0                3              2            2        -0.571(E)

न्यूजीलैंड अब ग्रुप-2 में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम से 9 नवंबर को सिडनी में पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी. वहीं इंग्लैंड सिडनी में 10 नवंबर को ग्रुप-2 में पहले स्थान पर रहने वाली टीम का मुकाबला करेगी. अधिक संभावना है कि पहला सेमीफाइनल इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच, जबकि दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाए.