Home > द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति उम्मीदवार बनते ही मिली बड़ी VIP सुरक्षा
opoyicentral
Opoyi Central

2 years ago .New Delhi, Delhi, India

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति उम्मीदवार बनते ही मिली बड़ी VIP सुरक्षा

द्रौपदी मुर्मू के एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार बनते ही उन्हें वीआईपी सुरक्षा प्रदान की गई है. गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें जेड प्लस सुरक्षा दी गई है.

Written by:Sandip
Published: June 22, 2022 06:06:35 New Delhi, Delhi, India

राष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया गया है. उम्मीदवार बनने के बाद ही उन्हें वीआईपी सुरक्षा दी गई है. इसके लिए केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों से लैस ‘जेड प्लस’ सुरक्षा प्रदान की है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

पीटीआई के मुताबिक, एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सशस्त्र दस्ते ने बुधवार को तड़के द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया.

यह भी पढ़ेंः NDA ने द्रौपदी मुर्मू को ही क्यों बनाया उम्मीदवार, ये हैं बड़ी वजह

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की थी. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे.

अधिकारियों ने बताया कि इस घोषणा के तुरंत बाद, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ को मुर्मू की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के लिए उसके ‘वीआईपी’ सुरक्षा दल को तैनात करने का निर्देश दिया था.

यह भी पढ़ेंः द्रौपदी मुर्मू का जीवन परिचय: BJP की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के बारे में सबकुछ

उन्होंने बताया कि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा राष्ट्रपति पद की राजग उम्मीदवार को लेकर खतरे के अंदेशा होने संबंधी रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद गृह मंत्रालय ने यह फैसला किया.

अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा स्थित अर्धसैनिक बल के करीब 14-16 जवानों की एक टुकड़ी ने मुर्मू की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली है. वे राज्य या देश में कहीं भी यात्रा के दौरान उनके साथ रहेंगे.

सुरक्षाकर्मी ओडिशा के रायरंगपुर स्थित मुर्मू के आवास की भी सुरक्षा करेंगे.

यह भी पढ़ेंः द्रौपदी मुर्मू के जरिए BJP कर रही गुजरात समेत इन राज्यों को साधने की तैयारी

अधिकारियों ने बताया कि अपनी उम्मीदवारी के वास्ते समर्थन मांगने के लिए विधायकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से मिलने के लिए मुर्मू के अगले एक महीने में कई यात्राएं करने की उम्मीद है.

सीआरपीएफ का ‘वीआईपी’ सुरक्षा दल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके बेटे राहुल गांधी तथा बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा को भी सुरक्षा मुहैया करता है.

यह भी पढ़ेंः यशवंत सिन्हा विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार चुने गए, 27 जून को भरेंगे पर्चा

देश में 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होगा और इसके परिणाम 21 जुलाई को घोषित किए जाएंगे.

मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है.

Related Articles

ADVERTISEMENT

© Copyright 2023 Opoyi Private Limited. All rights reserved