देशभर में 2 नवंबर 2021 को धनतेरस का त्योहार मनाया जाएगा. इस दिन ज्यादातर लोग नए सामान को खरीदना पसंद करते हैं. ऐसा माना जाता है कि इस दिन खरीदा गया सामान काफी शुभ होता है. बता दे कि धनतेरस पर सोने-चांदी की चीजों की खरीद, बर्तन की खरीद, झाड़ू और धनिए की खरीद काफी शुभ मानी जाती है लेकिन कुछ ऐसी भी चीजें होती है जिनको अशुभता का प्रतीक माना जाता है. अपने इस लेख में हम आपको बताएंगे की 2 नवंबर, धनतेरस को आपको किन चीजों की खरीद से बचना है.

यह भी पढ़ेंः Shopping Muhurat: जाने धनतेरस-दिवाली से पहले कब करें खरीदारी, 677 साल बाद बन रहा ऐसा शुभ मुहूर्त

1. स्टील से बनी चीजें

ऐसा देखा जाता है कि धनतेरस के दिन बहुत व्यक्ति अपने घर स्टील के बर्तन खरीद कर ले आते हैं जबकि इन्हें खरीदना अशुभ माना जाता है. स्टील शुद्ध धातु नहीं होता. इस पर राहु का प्रभाव ज्यादा होता है. आपको सिर्फ प्राकृतिक धातुओं की ही खरीदारी करनी चाहिए. मानव निर्मित धातुओं में से आप केवल पीतल की खरीद ही कर सकते हैं.

2. एलुमिनियम का सामान

एलुमिनियम के सामान की खरीद को भी अशुभ माना जाता है. बता दें कि इस धातु पर भी राहु का प्रभाव ज्यादा होता है. एलुमिनियम को दुर्भाग्य का सूचक माना गया है. आप त्योहार के दिन एलुमिनियम की खरीद से बचें.

यह भी पढ़ेंः Diwali 2021: क्या है दिवाली की सही तिथि? जानें शुभ मुहूर्त

3. लोहे की वस्तुएं

ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, लोहे को शनिदेव का कारक माना जाता है. धनतेरस के दिन किसी भी व्यक्ति को लोहे से बनी चीजों की खरीद नहीं करनी चाहिए. ऐसा करने से आप पर धनतेरस के दिन कुबेर की कृपा नहीं होगी.

4. नुकीली या धारदार चीजें

धनतेरस के त्योहार के दिन आपको नुकीली या धारदार चीजें जैसे चाकू, कैची, पिन, सुई या अन्य धारदार सामान खरीदने से बचना चाहिए. इस दिन इन चीजों की खरीद को शुभ नहीं माना जाता.

यह भी पढ़ेंः Naraka Chaturdashi 2021: नरक चतुर्दशी कब है? जानें रूप चौदस का शुभ मुहूर्त

5. प्लास्टिक का सामान

ऐसा माना जाता है कि प्लास्टिक बरकत नहीं देता इसीलिए धनतेरस के त्योहार के दिन आप प्लास्टिक से बने किसी भी सामान की खरीद ना करें. यह आपके लिए अशुभ साबित होगा.

6. चीनी मिट्टी के बर्तन

धनतेरस के त्योहार के दिन सेरामिक (चीनी मिट्टी) से बने बर्तन या गुलदस्ते को नहीं खरीदना चाहिए. इन चीजों में स्थायित्व नहीं रहता है जिससे घर में बरकत की कमी रहती है इसलिए किसी भी व्यक्ति को सेरामिक से बनी चीजों को बिल्कुल नहीं खरीदना चाहिए.

यह भी पढ़ेंः Dhanteras 2021: धनतेरस कब है? जानें पूजन विधि और शुभ मुहूर्त

7. कांच के बर्तन

ऐसा माना जाता है कि कांच का संबंध राहु से होता है इसीलिए धनतेरस पर आपको कांच के बर्तन की खरीद से बचना चाहिए और यह भी कहा जाता है कि इस दिन कांच की चीजों का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहिए. यह काफी अशुभ होता है.

8. काले रंग की चीजें

धनतेरस के दिन आप काले रंग की चीजों की खरीद से बचें. यह त्योहार काफी शुभ त्योहार है और काले रंग को हमेशा से ही दुर्भाग्य का प्रतीक माना गया है इसलिए धनतेरस के त्योहार के दिन आप काले रंग की चीजों की खरीद न करें.

यह भी पढ़ेंः Small Saving Schemes पर हर तिमाही तय होती है ब्याज दर, जानें क्या है इंटरेस्ट रेट

9. खाली बर्तन घर न लाएं

अगर कोई व्यक्ति धनतेरस के दिन कोई बर्तन या घर पर इस्तेमाल करने वाली चीज को खरीदने की योजना बना रहा हैं तो उन्हें यह ध्यान अवश्य रखना चाहिए कि उस बर्तन को घर पर खाली न लेकर आए. बर्तन को घर में लाने से पहले आप उसमें पानी, चावल या किसी दूसरी सामग्री को डाल सकते हैं.

10. मिलावटी चीजें

धनतेरस के दिन यदि कोई व्यक्ति तेल या घी जैसी चीजों को खरीदने जा रहा है तो उन्हें थोड़ा सतर्क रहना होगा. ज्यादातर ऐसा देखा जाता है कि इन चीजों में मिलावट पाई जाती है. धनतेरस के त्योहार के दिन आप अशुद्ध तेल या घी के दीपक न जलाएं.

यह भी पढ़ेंः Post Office Schemes: जानें किस योजना में निवेश पर आपको मिलेगा बेस्ट इंटरेस्ट रेट